मुंगेली 07 फरवरी 2024// अग्निवीर वायुसेना भर्ती प्रक्रिया में जिले के युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए कलेक्टर श्री राहुल देव आज डॉ. ज्वाला प्रसाद मिश्र शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने महाविद्यालय के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश प्रेम की भावना से ओत प्रोत होकर सेना भर्ती में अवश्य भाग लें। इससे युवाओं को न केवल देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा, बल्कि अनुशासन के साथ शारीरिक, मानसिक और आर्थिक विकास भी सुनिश्चित होगा। इससे आत्मविश्वास बढ़ेगा और मुसीबतों का सामना करने में आसानी होगी। कलेक्टर ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में कैरियर देश में सबसे प्रतिष्ठित एवं सम्मानित कैरियर में से एक माना जाता है। ऐसे युवा जो उत्साह, साहस एवं चुनौतियों से भरे क्षेत्र में अपना कैरियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए रक्षा क्षेत्र सबसे बेहतर विकल्प है। उन्होंने युवाओं से कहा कि सबसे महत्वपूर्ण होता है किसी भी क्षेत्र में भाग लेना और उसमें चयन होना। इसके लिए लगन के साथ निरंतर कड़ी मेहनत करना जरूरी है।
लाइवलीहुड कॉलेज के जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि अग्निवीर भर्ती परीक्षा के अंतर्गत भारतीय वायुसेना में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तारीख 06 फरवरी से बढ़ाकर अब 11 फरवरी तक कर दी गई है।। जिसके लिए ऑनलाइन परीक्षा 17 मार्च 2024 को होगी। अभ्यर्थी पंजीकरण के लिए वेब पोर्टल www.anipathvayu.cdac.in पर लॉग-इन कर सकते है। भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदक का जन्म 02 जनवरी 2004 से 02 जुलाई 2007 के बीच होनी चाहिए। विज्ञान विषय के अभ्यर्थी को केन्द्रीय, राज्य सरकार की ओर से अनुमोदित शिक्षा बोर्डो से गणित, भौतिकी और अंग्रेजी के साथ इन्टर मिडिएट परीक्षा कुल मिलाकर 50 प्रतिशत् अंको एवं कला, वाणिज्य विषयों के अभ्यर्थी को अंग्रेजी में 50 प्रतिशत अंको के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम मुंगेली श्री प्रवीण तिवारी, महाविद्यालय के प्राचार्य सहित संबंधित विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण मौजूद रहे।
अग्निवीर भर्ती युवाओं को देशसेवा के लिए सुनहरा अवसर : कलेक्टर
