कुड़ेकेला:-रायगढ़ जिले के ट्रेलर मालिक कल्याण संघ की ओर से क्षेत्र के विभिन्न प्लांटों में रेल के माध्यम से कोयला परिवहन किए जाने के कोल मंत्रालय के आदेश पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसईसीएल के मुख्य महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा है। जिसमें रेल के द्वारा कोयला परिवहन होने पर करीब डेढ़ लाख लोगों के बेरोजगार होने की आशंकाओं पर चिंता जाहिर करते हुए लोकल प्लांटों में रोड के माध्यम से कोयला ट्रांसपोर्ट किए जाने की मांग की गई है। मांगे पूरी नहीं होने पर संघ की ओर से एसईसीएल मुख्यालय के सामने सपरिवार भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी गई है। शनिवार को संघ के संरक्षक सतीश कुमार चौबे, जिला अध्यक्ष दयानंद पटनायक व अन्य पदाधिकारियों के द्वारा इस आशय का ज्ञापन सौंपा गया है। जिसमें कहा गया है कि 100 किलोमीटर के दायरे में स्थापित प्लांटों में ट्रेन के द्वारा कोल ट्रांसपोर्ट करने से जिले के ट्रेलर मालिक, चालक, मोटर पार्ट्स व उससे जुड़े अन्य व्यवसाय करने वाले लोग बेरोजगार हो जाएंगे। इसके अलावा इस परिस्थिति से उनका परिवार भी प्रभावित होगा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा है कि वे विकास विरोधी नहीं हैं लेकिन विकास के साथ साथ आमजनों की रोजी रोटी का ख्याल भी रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 100 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित प्लांटों तक रेलवे के माध्यम से कोयला परिवहन किए जाने पर उन्हें कोई परेशानी नहीं है। संघ की ओर से सौंपे गए इस ज्ञापन के संबंध में प्रदेश के सीएम व सर्व संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
जिले के डेढ़ लाख लोगों पर मंडरा रहा बेरोजगारी का संकट! संघ ने सीएम व अन्य जिम्मेदारों के नाम सौंपा ज्ञापन
भव्या छत्तीसगढ़ ईपेपर
- Advertisement -
