मुंगेली 13 दिसंबर 2023// जिले में 16 दिसंबर से ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ का आयोजन किया जायेगा। इस हेतु आज जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं डे नोडल अधिकारियों की एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित की गई। इस दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी अधिकारियों को संकल्प यात्रा के बेहतर क्रियान्वयन हेतु उनके जिम्मेदारियों और दायित्वों की जानकारी दी गई। पोर्टल में लाॅगिन से लेकर संकल्प यात्रा के विभिन्न गतिविधियों से संबंधित फोटो, वीडियो और डाटा एंट्री आदि के संबंध में बताया गया।
प्रशिक्षण में कलेक्टर श्री राहुल देव ने कहा कि भारत सरकार द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की संतृप्तीकरण के लिए आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने हेतु विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जिससे योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सके। इस हेतु सभी अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले में इसका बेहतर क्रियान्वयन होना चाहिए। संकल्प यात्रा के दौरान सभी अधिकारी अपने जिम्मेदारियों और दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रूटचार्ट के अनुसार किया जाएगा।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उप संचालक सुश्री भूमिका देसाई ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न स्तरों पर समिति का गठन एवं उनके दायित्व, विकसित भारत संकल्प यात्रा रूटचार्ट, डे नोडल आफिसर की जवाबदारी, वैन आने के पूर्व की तैयारी, कार्यक्रम स्थल की विभिन्न गतिविधियां, कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागों की भूमिका आदि के बारे में जानकारी दी। नेटवर्क इंजीनियर श्री निलय पैंगवार ने आईटी पोर्टल में अधिकारी-कर्मचारियों का पंजीयन, वैन पंजीयन एवं रूटचार्ट के बारे में बताया। इस दौरान वनमंडलाधिकारी श्री सत्यदेव शर्मा, अपर कलेक्टर श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, डिप्टी कलेक्टर श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आउटरीच गतिविधियों से जागरूकता बढ़ाने ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ का जिले में 16 दिसंबर से किया जाएगा आयोजन
