रायगढ़, 12 अगस्त 2023। हादसे की डगर कहे जाने वाले रायगढ़-खरसिया हाईवे 49 में काशीचुंआ के पास तेज रफ़्तार कार ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। घटना में बाइक सवार की मौत हो गई और कार व बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी है। दिल को दहला देने वाला यह हादसा भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है
इस संबंध में भूपदेवपुर थाना के एएसआई देवदास महंत से मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़-खरसिया नेशनल हाईवे 49 में शाम करीब 4:45 बजे काशीचुंआ के पास रायगढ़ की ओर आ रही तेज रफ्तार कार (CG04NS6248) ने बाइक सवार ग्रामीण (उम्र करीब 45 वर्ष) जो खरसिया की ओर जा रहा था उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी
कार की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण सड़क पर गिरकर लहूलुहान हालत में तड़पने लगा। गंभीर चोट की वजह से चंद मिनटों में ग्रामीण की सांसों की लड़ियां टूटकर बिखर गई। दुर्घटना में कार सामने से क्षतिग्रस्त हो गई है, वहीं बाइक के परखच्चे उड़ चुके हैं। घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया है। राहगीरों ने 112 के जरिए पुलिस को सूचना दी तो पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल भेज दिया है।
हाईवे में हुए इस भीषण दुर्घटना में बेगुनाह ग्रामीण की मौत के बाद पुलिस उसकी शिनाख्ती में जुट गयी है और फरार कार चालक की खोजबीन करते हुए पुलिस पूरे घटना की जांच कर रही है।
