सीईओ पीआर साहू ने किया ग्रामीणों से संवाद, आवास के महत्व को लेकर की जागरूकता
बीजापुर, 22 अप्रैल: जनपद पंचायत भैरमगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीआर साहू ने “मोर दुआर साय सरकार” अभियान के अंतर्गत ग्रामवासियों के बीच पहुँचकर छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को आवास प्लस सर्वे में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब भाई-बहन पक्के आवास के अधिकार से वंचित न रहे।
सीईओ साहू ने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को सर्वे की महत्ता समझाई और कहा कि यह सर्वे एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जो हर 8 से 10 वर्षों में एक बार होता है। ऐसे में यह आवश्यक है कि सभी पात्र परिवार इसमें भाग लें और अपने पक्के आवास का सपना साकार करें।
उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर एक विशेष टीम गठित की गई है, जो लगातार फील्ड में जाकर सर्वे की निगरानी कर रही है। जो लोग फिलहाल गांव में मौजूद नहीं हैं, उन्हें भी बुलवाया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र परिवार इस योजना से वंचित न रहे।
सीईओ ने आवास के सामाजिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पक्का मकान केवल एक भवन नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, सुरक्षा और सामाजिक विकास का प्रतीक है।
सरकार का उद्देश्य है कि हर गांव में शत-प्रतिशत सर्वे किया जाए और सभी पात्र हितग्राहियों को इस योजना का लाभ मिले।

