रायगढ़। निगम क्षेत्र में मवेशियों को पकड़ने के लिए शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम, पुलिस के जवान और पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों द्वारा मवेशियों को पकड़कर संबलपुरी शहरी गौठान शिफ्ट किया गया। इसी तरह मवेशी पलकों पर 12500 जुर्माने की कार्रवाई की गई।
निगम क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्गो, हाईवे एवं गली मोहल्ले में घूमने वाले आवास, आवारा एवं पालतू मवेशियों को पकड़ने की लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को पुलिस, नगर निगम और पशु चिकित्सा के कर्मचारियों द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान निगम कार्यालय से सुभाष चौक, इतवारी बाजार क्षेत्र, शनि मंदिर चक्रधर नगर क्षेत्र, कलेक्ट्रेट क्षेत्र आदि मुख्य मार्गो से मवेशियों को पकड़ कर संबलपुरी गौठान शिफ्ट किया गया। इस दौरान मवेशी पलकों पर 12500 रुपए जुर्माने की कार्रवाई की गई। टीम द्वारा सड़कों पर मार्च भी किया गया और पशुपालकों को मवेशियों को बांधकर कर रखने की अपील की गई। इस दौरान शासन के नियमानुसार पशु अतिचार अधिनियम की जानकारी दी गई। शुक्रवार को 15 मवेशियों को संबलपुरी गौठान शिफ्ट किया गया। अब तक 33 पशुपालकों पर ₹31500 रुपए जुर्माने की कार्यवाही की गई है। इसी तरह अब तक 210 से ज्यादा मवेशियों को संबलपुरी गौठान शिफ्ट किया गया।
नया शनि मंदिर से पुष्प वाटिका तक बनाई जाएगी मानव श्रृंखला
स्वीप कार्यक्रम के तहत 19 अगस्त शनिवार की सुबह 9:00 बजे से नया शनि मंदिर मरीन ड्राइव से पुष्प वाटिका तक मानव श्रृंखला, रंगोली प्रतियोगिता, आदर्श मतदान केंद्र, 18 प्लस और 80 प्लस मतदाता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मतदाता मतदान केंद्र एवं ईवीएम मॉडल का अवलोकन भी कर सकेंगे। निगम प्रशासन ने शहर के स्कूल, कॉलेज के 18 वर्ष आयु के ऊपर मतदाताओं को कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेने की अपील की है।
