बच्चों की सतर्कता से टली अनहोनी, पुलिस ने शुरू की जांच
खरसिया :- बैकुंठपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब करपी पाली से पढ़ने आने वाले सात स्कूली बच्चों का रास्ता बासन पाली नहर के पास अज्ञात लोगों ने रोक लिया। बच्चों के अनुसार सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट की एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार सात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर संदिग्ध तरीके से बातचीत की और कथित रूप से किसी हानिकारक पदार्थ को सूंघने के लिए कहा।
जानकारी के मुताबिक, करपीपाली से सात बच्चे प्रतिदिन की तरह बासन पाली स्थित स्कूल पढ़ने आ रहे थे। सुबह लगभग स्कूल समय के दौरान नहर के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी थी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। बच्चों का आरोप है कि वाहन में सवार सात व्यक्तियों में से दो युवक मास्क लगाए हुए थे। उन्होंने बच्चों को रोककर गाड़ी के पास बुलाया और किसी पदार्थ को सूंघने के लिए कहा।
अचानक हुई इस घटना से बच्चे घबरा गए। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए वहां से तेजी से भागकर सीधे स्कूल पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी गुरुजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिक्षकगण तुरंत सक्रिय हुए और ग्रामीणों को भी सूचना दी गई।
इसके बाद स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती संदिग्ध गतिविधियों पर चिंता जताई है और पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं अभिभावकों में भी घटना को लेकर डर और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बच्चों की सतर्कता और साहस से एक बड़ी अनहोनी टल गई है।

