खरसिया।खरसिया तहसील के ठुसेकेला स्थित न्यू विवेकानंद कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में रविवार, 12 जनवरी 2025 को वार्षिकोत्सव ‘अभिनंदन’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे स्कूल प्रांगण में प्रारंभ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में खरसिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक और छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री उमेश नंदकुमार ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

विशेष अतिथियों में अशोका पब्लिक स्कूल सरंगढ़ के प्राचार्य जे. मिश्रा, उपजेल सक्ती के सहायक जेल अधीक्षक सतीश चंद्र भार्गव और स्कूल सोसाइटी के सदस्य रविंद्र पटेल मौजूद रहे। इसके अलावा, संगीत जगत में प्रतिष्ठित ‘तालमणि’ और ‘संगीत गंधर्व’ उपाधियों से सम्मानित संगीतज्ञ मोरध्वज वैष्णव ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य, संगीत और नाट्यकला के प्रदर्शन ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना था।

प्राचार्य और करुणामयी आदर्श एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। अभिभावकों और क्षेत्रवासियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।


