रायगढ़।रायगढ़ निगम अंतर्गत कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारी अपने हड़ताल को खत्म कर काम पर लौट गए हैं । काम पर लौटते ही सफाई कार्य डंप साइड से कचरा का उठाव सहित फॉगिंग शुरू कर दी गई है। सोमवार को वार्ड क्रमांक 12 एवं 19 में डेंगू नियंत्रण के लिए फॉगिंग की गई।
निगम के प्लेसमेंट कर्मचारी अपनी कुछ मांगों को लेकर पिछले कुछ दिनों से हड़ताल पर थे। इससे साफ सफाई, फॉगिंग सहित कार्यालय कार्य प्रभावित हो रहा था। सोमवार को ठेका कर्मचारियों के प्रतिनिधि मंडल से कमिश्नर श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी ने चर्चा की। उन्होंने ठेका कर्मचारियों की मांगों को शासन तक पहुंचाने और यथासंभव सहयोग करने की बात कही। इस पर निगम अंतर्गत कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अपना हड़ताल खत्म कर वापस कम पर लौटने का निर्णय लिया। दोपहर 2:00 बजे के बाद प्लेसमेंट कर्मचारियों ने निगम अंतर्गत कार्य शुरू किया। इस दौरान विभिन्न कचरा डंप साइड से कचरे को उठवाया गया। इसमें कलेक्टर बंगला के पीछे, आगले चौक, गांधीगंज, संजय कंपलेक्स, प्रतीक्षा बस स्टैंड, पुत्री शाला के पास, रामलीला मैदान, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड, इतवारी बाजार आदि डंप साइड से कचरा को उठवाया गया। इस दौरान किए गए सफाई की आफ्टर और बिफोर फोटो भी शेयर किए गए। वार्ड क्रमांक 12 लाल टंकी क्षेत्र बनियापारा क्षेत्र, इसी तरह वार्ड 19 गांधीगंज क्षेत्र में शाम के समय फॉगिंग कराई गई। कमिश्नर श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी ने नियमित रूप से डंप साइड से कचरा का उठाव और डेंगू प्रभावित क्षेत्र में मेलाथियान, टेमीफास दवा छिड़काव के साथ फॉगिंग करने के निर्देश प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी को दिए हैं।
काम पर लौटे प्लेसमेंट कर्मचारी फागिंग शुरू,वार्ड नंबर 12 एवं 19 में की गई फॉगिंग
