कार्यालय के नियमित साफ-सफाई, फाईलों का समुचित रख-रखाव एवं शनिवार को श्रमदान करने की दी समझाइस
बीजापुर 01 जनवरी 2025- कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने कलेक्टर कार्यालय के विभिन्न कक्षों कलेक्टर कोर्ट, एसडीएम कोर्ट, लोक सेवा केन्द्र, राहत शाखा, आरटीओ, कोषालय, वित्त स्थापना शाखा, जिला निर्माण शाखा, विडियो कांफ्रेस रूम, प्रतीक्षा कक्ष, सभाकक्ष, डिप्टी कलेक्टर के कक्षों सहित विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। कोर्ट में संविधान के प्रस्तावना का प्रदर्शन बोर्ड दीवार पर लगाने, सूचना पटल पर वैद्यता तिथि पूर्ण हो चुके सूचनाओं को हटाने सूचना पटल में पर्याप्त रौशनी और सभी को सुगमतापूर्वक दिखे, प्रतीक्षा कक्ष में शासन की योजनाओं पर आधारित पत्र-पत्रिका रखने सहित विभिन्न कक्षों में अपलेखन योग्य सामग्रियों का अपलेखन शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यो से अवगत होकर शनिवार अवकाश के दिन कार्यालय में उपस्थित होकर स्वच्छता हेतु श्रमदान करने कार्यालय को साफ-सुथरा रखने एवं फाईलों का व्यवस्थित एवं समुचित रख-रखाव करने की समझाइस दी।
इस दौरान परिवहन कार्यालय द्वारा अतिरिक्त कक्ष की मांग पर उन्हे अतिरिक्त कक्ष प्रदाय करने के निर्देश दिए। वहीं रोजगार कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अधिक से अधिक प्लेसमेंट कैम्प आयोजित कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री हेमंत रमेश नंदनवार, एसडीएम बीजापुर श्री जागेश्वर कौशल उपस्थित थे।
